जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने शुक्रवार को इल्ज़ाम लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जेडीयू नेताओं की बेइज़्ज़ती की जा रही थी। ललन सिंह ने कहा कि इस वजह से बिहार के मुख्यमन्त्री नीतीश कुमार पर गठबन्धन से बाहर निकलने का दबाव था। ललन ने कहा कि भाजपा साल 2014 से अपने हर सहयोगी का अपमान कर रही है।
ललन सिंह ने कहा कि भाजपा ने गठबन्धन धर्म का पालन नहीं किया। ललन ने कहा कि मौजूदा भाजपा नेतृत्व को बताना चाहिए कि गठबन्धन में साल 2014 की तुलना में भारतीय जनतान्त्रिक गठबन्धन (ऐनडीए) के कितने सहयोगी बचे हैं। उन्होंने कहा कि ऐनडीए के सहयोगियों की तादाद कम इसलिए हुई है क्योंकि उन्होंने हर पार्टी का अपमान किया। ललन सिंह ने कहा कि वो अपने सहयोगियों का अपमान करके गठबन्धन चलाना चाहते हैं।
ललन सिंह ने भाजपा पर जेडीयू को नुक़सान पहुँचाने की कोशिश करके गठबन्धन धर्म का उल्लंघन करने का भी इल्ज़ाम लगाया।