हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला के रिज मैदान से नगर निगम शिमला के 250 सफ़ाई मित्र के दल को हरी झण्डी दिखाकर स्वच्छ हिमाचल स्वस्थ हिमाचल अभियान-2021 की शुरुआत की है। इस अवसर पर जय राम ने लोगों को सम्बोधित भी किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल को स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक सौन्दर्य से नवाज़ा है। जय राम ने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम इस प्राकृतिक सौन्दर्य को संजोकर रखने के लिए स्वच्छता की आदत अपनाकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2009 से प्रदेश में प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया रखा है। जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2019 में राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं से प्लास्टिक की ख़रीद के लिए पुनः ख़रीद नीति शुरु की थी ताकि धरती को इस ग़ैर सड़नशील (नॉन-बायोडिग्रेडेबल) कचरे से मुक्त किया जा सके। जय राम ने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत अब तक उपभोक्ताओं से एक लाख किलोग्राम प्लास्टिक की ख़रीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्लास्टिक और थर्मोकोल कटलरी के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार कागज़ से बनी थालियों और पत्तलों के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है।