हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने शुक्रवार को खलिणी में हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कॉम्प्लैक्स का उद्घाटन किया है। इस कॉम्प्लैक्स का निर्माण छह करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
इस मौक़े पर जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और बाग़वानों के उत्थान और उनकी फ़सल उत्पादकता को बढ़ाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। जय राम ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि विपणन बोर्ड के ज़रिये किसानों-बाग़वानों को उनकी उपज को बेचने के लिए आधारभूत सुविधाएं और सेवाएं मुहैया करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 242 करोड़ रुपये की लागत से नई सब्ज़ी मण्डियों का निर्माण और पुरानी मण्डियों का विस्तार किया गया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कोल्ड स्टोर बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।