हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने शिमला में राज्य परिवहन विभाग की ई-परिवहन व्यवस्था का उद्घाटन किया है। इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से तकनीक ने हमारे जीवन को परिवर्तित किया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि व्यापार में सुगमता में हिमाचल प्रदेश 16वें स्थान से सातवें स्थान पर पहुँच गया है जिसका पूरा श्रेय प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को जाता है। जय राम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहले ई-विधानसभा, उसके बाद ई-बजट और अब ई-कैबिनेट को आरम्भ किया है। उन्होंने कहा कि ई-परिवहन भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लोगों को बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने में ई-परिवहन सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी। जय राम ने कहा कि लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए जागरूक करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली की सफलता लोगों द्वारा इस सुविधा को सुगमता से अपनाने पर निर्भर करती है। जय राम ठाकुर ने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से लोगों को विभिन्न नागरिक-केन्द्रित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि ई-परिवहन सेवा से लोगों को विभिन्न ऑनलाइन प्रमाण-पत्र और पंजीकरण के नवीनीकरण और ड्राइविंग लाइसैन्स आदि जारी करने में सुविधा होगी। इससे लोगों को एक बटन पर कई अन्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर जय राम ठाकुर ने ई-परिवहन व्यवस्था प्रचार साहित्य को भी जारी किया।