जय राम ठाकुर ने दिए परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

जय राम ठाकुर मण्डी ज़िला के सिराज विधानसभा क्षेत्र की प्रगति और विकासात्मक कार्यों की समीक्षा-बैठक की कर रहे थे अध्यक्षता

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जय राम ठाकुर मण्डी ज़िला के सिराज विधानसभा क्षेत्र की प्रगति और विकासात्मक कार्यों की समीक्षा-बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि अधिकारी उनके द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा करने के लिए विशेष प्राथमिकता सुनिश्चित करें। जय राम ने कहा कि सभी विकासात्मक कार्यों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए और गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों व अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के अधिकाँश हिस्सों में मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्य में तेज़ी लाई जानी चाहिए ताकि परियोजनाओं को निर्धारित अवधि के भीतर पूरा किया जा सके।
जय राम ठाकुर ने सिराज विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग द्वारा विकास-कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 19 परियोजनाएं, नाबार्ड के अन्तर्गत आठ परियोजनाएं, अनुसूचित जाति उप योजना के अन्तर्गत छह परियोजनाएं और एडीबी के अन्तर्गत चार परियोजनाओं सहित 37 जलापूर्ति परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। जय राम ने कहा कि इनमें से 13.71 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं के कार्य पूरे हो चुके हैं जो लोकार्पण के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के अन्तर्गत 14.83 करोड़ रुपये की लागत की आठ परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि अनुसूचित जाति उप योजना के अन्तर्गत 3.70 करोड़ रुपये लागत की छह परियोजनाएं और एडबी जलापूर्ति परियोजनाओं के अन्तर्गत 35.72 करोड़ रुपये की चार परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में 12.50 करोड़ रुपये लागत की 12 सिंचाई परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं जिनमें से छह नाबार्ड के अन्तर्गत हैं। जय राम ने कहा कि इन परियोजनाओं में से 3.40 करोड़ रुपये की लागत की पाँच सिंचाई परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है जिनका लोकार्पण शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को थुनाग और जंजैहली कस्बों के लिए सीवरेज योजना को समय पर पूरा करने के लिए कहा।

Comments (0)
Add Comment