हिमाचल प्रदेश ने केन्द्र सरकार को राज्य में इलैक्ट्रॉनिक डिवाइसिस मैनुफ़ैक्चरिंग हब बनाने का प्रस्ताव भेजा है। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने दिल्ली में केन्द्रीय रेल, वाणिज्य और उद्योग मन्त्री पीयूष गोयल से मुलाकात के दौरान कही है। मुख्यमन्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में इस क्षेत्र में चीन पर निर्भरता बहुत अधिक है और इस पार्क के बनने से भारत स्वदेशी इलैक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने में सक्षम हो जाएगा और इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आ जाएगी।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिस्पर्धात्मक दरों पर ज़मीन और विद्युत-आपूर्ति के लिए तैयार है। उन्होंने केन्द्र सरकार से आधारभूत सुविधाओं के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। मुख्यमन्त्री ने राज्य में बल्क ड्रग फार्मा पार्क और चिकित्सा उपकरण पार्क बनाने का भी आग्रह किया क्योंकि हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने केन्द्र से इस परियोजना के लिए चुने जाने वाले तीन राज्यों में हिमाचल प्रदेश के दावे पर विचार करने का आग्रह किया। मुख्यमन्त्री ने राज्य में पॉवर जनरेशन ट्रांसमिशन डिस्ट्रीब्यूशन इक्यूप्मैण्ट हब स्थापित करने का भी आग्रह किया।