भारत के केन्द्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मन्त्री पीयूष गोयल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश ने पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्षों के दौरान सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। पीयूष गोयल आज शिमला में प्रधानमन्त्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना के राज्यस्तरीय समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौक़े पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर भी उपस्थित थे।
पीयूष गोयल ने कहा कि राज्य न केवल विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बना है बल्कि इसने देश के अन्य राज्यों का भी पथ-प्रदर्शन किया है। पीयूष ने प्रदेश के विभिन्न भागों के लोगों के साथ एक कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने प्रधानमन्त्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से बातचीत भी की।
इस मौक़े पर जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमन्त्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना केन्द्र सरकार द्वारा शुरु की गई एक महत्वाकाँक्षी योजना है।