गुरमीत बेदी
सितम्बर का महीना ज्योतिष की दृष्टि से इस साल का सबसे महत्वपूर्ण महीना साबित होने वाला है। सितम्बर में जहाँ देव गुरु बृहस्पति व शनि लम्बे अरसे तक वक्री रहने के बाद अब मार्गी होने जा रहे हैं वहीं चार ग्रह बुध, शुक्र, राहु व केतु भी राशि-परिवर्तन करने वाले हैं। ग्रहों की बड़े स्तर पर होने वाली इस हलचल के बड़े दूरगामी असर होंगे।
सितम्बर माह में ग्रहों की हलचल की शुरुआत शुक्र ग्रह से होगी जो एक सितम्बर को 02:02 पर चन्द्रमा की कर्क राशि में प्रवेश करेंगे और फिर 28 सितम्बर को वो सूर्य की सिंह राशि में चले जाएंगे। इसके अलावा बुध ग्रह दो सितम्बर को 12:03 पर पहले अपनी उच्च कन्या राशि में प्रवेश करेंगे और फिर 22 सितम्बर को 04:55 पर शुक्र की तुला राशि में चले जाएंगे। ग्रहों में सेनापति का दर्जा-प्राप्त मंगल ग्रह 10 सितम्बर को 03:50 पर अपनी मेष राशि में वक्री होकर गोचर करने लगेंगे।
13 सितम्बर को देव गुरु बृहस्पति 06:12 पर धनु राशि में और 29 सितम्बर को न्याय के देवता शनि 10:30 पर अपनी ही मकर राशि में मार्गी हो जाएंगे। इन दोनों ग्रहों के मार्गी होने से विभिन्न राशियों के साथ-साथ देश दुनिया को भी कई मोर्चों पर राहत मिलेगी।
23 सितम्बर को पाप ग्रहों में शुमार राहु व केतु अपनी-अपनी राशियां बदलेंगे जो इस साल की सबसे बड़ी ज्योतिषीय घटना मानी जाएगी। राहु बुध की मिथुन राशि से शुक्र की वृषभ राशि में चले जाएंगे जबकि केतु देव गुरु बृहस्पति की धनु राशि से मंगल की वृश्चिक राशि में प्रवेश कर जाएंगे। ये दोनों ग्रह जिस व्यक्ति पर मेहरबान होते हैं उसे मालामाल कर देते हैं और जिस पर कुपित होते हैं उसे अशुभ फल प्रदान करते हैं।
सितम्बर माह में चार ग्रहों के राशि बदलने और दो ग्रहों के मार्गी होने से राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी कई तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे। कुछ देशों की सरहदों पर भी हलचल बढ़ेगी। भारत सहित दुनिया के कई बड़े देशों में आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। रियल ऐस्टेट और आईटी क्षेत्र में भी फिर से उछाल आने लगेगा। शैक्षणिक क्षेत्र में भी कई तब्दीलियां देखने को मिलेंगी। राष्ट्र-विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के अभियान में तेज़ी आएगी। चिकित्सा-जगत को भी कोई बहुत बड़ी सफलता हासिल होगी क्योंकि शुक्र भी राशि-परिवर्तन कर रहे हैं और शुक्र का औषधियों पर आधिपत्य माना जाता है।
ग्रहों की इस हलचल से सभी 12 राशियां प्रभावित होंगी। मेष राशि वालों की आध्यात्मिक क्षेत्र में रुचि बढ़ेगी। आत्मविश्वास बढ़ेगा और कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। वृषभ राशि वालों को थोड़ा सावधान रहना होगा। स्वास्थ्य-पक्ष में दिक्कत आ सकती है। मिथुन राशि वालों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। उनके लम्बे समय से अटके हुए काम बनने लगेंगे। कर्क राशि वालों को मिलेजुले फल प्राप्त होंगे। नया वाहन ख़रीदने के योग भी हैं। सिंह राशि वालों को आर्थिक लाभ मिलेंगे, लेकिन वाणी पर भी नियन्त्रण रखना होगा। कन्या राशि वालों को अभी इनवैस्टमैण्ट से बचना होगा। परिवार में किसी नए सदस्य का आगमन हो सकता है। तुला राशि वालों के लिए ग्रहों का गोचर शानदार रहने वाला है। लम्बे समय बाद आपको अच्छी ख़बरें मिलेंगी। कार्यक्षेत्र का विस्तार भी होगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए भी समय मिलाजुला रहेगा। आमदनी के नए स्रोत भी खुल सकते हैं। धनु राशि वाले लकी रहेंगे। धनु राशि वालों के जो ड्रीम-प्रोजैक्ट हैं उनके सिरे चढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता जाएगा। मकर राशि वालों के लिए भी समय शुभ रहने वाला है। प्रोमोशन के चांस भी हैं। कुम्भ राशि वालों पर भी भाग्य मेहरबान रहने वाला है। व्यापार में मुनाफ़ा होगा। कोई ऐसा कार्य भी बन जाएगा जिसके प्रति आप निराश हो गए थे। मीन राशि वालों को कार्यक्षेत्र में कुछ चुनौती आ सकती है। विरोधी भी आप की छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास करेंगे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाएंगे। स्वास्थ्य-पक्ष का आपको विशेष ध्यान रखना होगा।