हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर ने केन्द्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत करने की माँग की है। इस सम्बन्ध में मुख्यमन्त्री ने केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मन्त्री डी. वी. सदानन्द गौड़ा से अनुरोध किया है कि हिमाचल प्रदेश के लिए एक बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया जाए।
मुख्यमन्त्री ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग्स और जैनेरिक दवाइयों के उत्पादन में एक महत्वपूर्ण केन्द्र बनकर उभरा है और देश व विदेश के बाज़ार में व्यापक स्तर पर पकड़ बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालन कर रहीं औद्योगिक इकाइयों ने बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने में विशेष रुचि दिखाई है। मुख्यमन्त्री ने कहा कि अगर हिमाचल प्रदेश के लिए एक बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया जाता है तो राज्य निश्चित रूप से राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर दवा-उद्योग का एक महत्वपूर्ण केन्द्र बनकर उभरेगा।