काँग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने सोमवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी ख़बर फैला रही है। प्रियंका गाँधी ने आज कहा कि कुश्ती संघ को भंग नहीं किया गया है, सिर्फ़ उसकी गतिविधियों को रोका गया है, ताकि भ्रम फैलाकर आरोपित को बचाया जा सके।
प्रियंका गाँधी ने कहा कि देश को गौरवान्वित करने वाली नामचीन खिलाड़ियों ने भाजपा साँसद पर यौन शोषण का आरोप लगाया, तो सरकार आरोपित के साथ खड़ी हो गई। प्रियंका ने कहा कि पीड़िताओं को प्रताड़ित और आरोपित को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री और गृह मन्त्री के कान पर जूँ तक नहीं रेंगी। जयराम रमेश ने कहा कि महिला पहलवानों से आन्दोलन वापस लेने की एवज़ में दिए गए आश्वासन को गृह मन्त्री भूल गए।
प्रियंका गाँधी ने कहा कि अहंकार की पराकाष्ठा यह कि जिस भाजपा साँसद पर महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण का आरोप है, उसने ख़ुद यह भी फ़ैसला करवा लिया कि अगली नैशनल गेम उसी के ज़िले में, उसी के कॉलेज ग्राउण्ड पर खेली जाएगी। प्रियंका ने कहा कि इस अन्धेरगर्दी और अन्याय से हारकर ओलम्पिक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती ही छोड़ दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने पुरस्कार वापस करने लगे, तो सरकार अफ़वाह फैला रही है। प्रियंका गाँधी ने कहा कि भाजपा सरकार एक पीड़ित महिला की आवाज़ दबाने के लिए इस स्तर पर जा रही है!